झंडूता (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की शाखा जेजवीं ने नाबार्ड के सौजन्य से गांव बैथरीन में वीरवार को जागरुकता शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक सोहन लाल ने लोगों को एटीएम और ऑनलाइन माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया।
इससे बचने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग लोगों की जिंदगी बेहद आसान और सरल बना देती है। उन्होंने कहा कि बैंक और बैंक के कोई अधिकारी किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ता से खातों की निजी जानकारी नहीं मांगते।
ग्रामीण क्षेत्र के भोले-भाले लोग इनका शिकार हो जाते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रयोग करते समय एटीएम का पिन किसी को नहीं बताना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह और अटल पेंशन योजना के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर वेद प्रकाश, रिटायर्ड अधिशासी अभियंता सरवन कुमार, राकेश कुमार, जगदीश चंद, अंकज शर्मा सहित करीब पांच दर्जन लोग उपस्थित रहे। संवाद