शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को बल्हसीणा और कैलू कुटाल टीम के मध्य मैच हुआ। इसमें बल्हसीणा टीम ने एकतरफा मुकाबले में 75 रन से जीत दर्ज की।
बल्हसीणा टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्हसीणा के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में छह विकेट पर 158 रन बनाए। इसमें राजीव ने अर्धशतक (52), दीपू ने 28, निंजा ने 26 और सत्तू ने 12 रन का योगदान दिया। कैलू कुटाल टीम के गेंदबाज प्रदीप ने तीन, अनुराग शर्मा ने दो और केशव ने एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कैलू कुटाल की टीम 11.5 ओवरों में 83 रन बनाकर आलआउट हो गई। इसमें गोरखु ने 17, प्रदीप ने 16 और अभिषेक ने 12 रन का योगदान दिया। बल्हसीणा टीम के अभिषेक ने चार, राजीव ने दो और सप्पू, गौरव अंकु ने एक- एक विकेट लिया।
मैच में अर्धशतक लगाने वाले और 2 विकेट लेने वाले राजीव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के आयोजक प्रदीप कतना ने बताया कि प्रतियोगिता में 32 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को 31,000 और उपविजेता टीम को 21,000 रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। संवाद