जिला बिलासपुर के दावीं घाटी हैंडबाल ट्रेनिंग सेंटर जुखाला में शुक्रवार को 32वीं राज्य स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन किन्नौर, मंडी और सोलन जिले की टीमों ने जीत से आगाज किया, जबकि शिमला, सिरमौर और हमीरपुर की टीम के हाथ हार लगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों की टीमों के 176 खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बिलासपुर जिला हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना से प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में किन्नौर ने शिमला को 23-08 के अंतर से हराया। दूसरे मैच में मंडी ने सिरमौर को 20-07 से मात दी। तीसरे मुकाबले में सोलन ने शिमला को 09-03 से पराजित किया। चौथे मैच में किन्नौर ने हमीरपुर को 18-06 के अंतर से शिकस्त दी।