- बरमाणा में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ट्रकर परियोजना बरमाणा ने ट्रक चालकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान डॉ. विवेक ने ट्रक चालकों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
परियोजना से राजेश शर्मा ने ट्रक चालकों को बताया कि लायुल ट्राइबल वेलफेयर एसोसिएशन जिले में एचआईवी/एड्स के बारे में जागरूकता फैलाने का काम कर रही है। एचआईवी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए लोग 1097 टोल फ्री नंबर पर संपर्क करें और इससे संबंधित किसी भी शंका का समाधान पाएं। परामर्शदाता सुरेंद्र कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। आज कल की युवा पीढ़ी नशे के गर्त में धंसती जा रही है। इसका एकमात्र कारण यह है कि युवाओं को सही जानकारी सही समय पर नहीं मिल रही है। हमारे देश का उज्जवल भविष्य युवाओं पर टिका है। अगर देश की युवा पीढ़ी ही गलत रास्ते पर जाने लगे तो निश्चित ही उनका भविष्य अंधकार में चला जाएगा। सबसे ज्यादा युवा वर्ग शराब, गुटका, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट का नशा करता है। उनकी पार्टी नशे के बगैर अधूरी है। उन्होंने बताया कि आजकल सुइयों के प्रयोग से नशा लेने का प्रचलन चल रहा है। युवा वर्ग इस नशे की लत के आदी होते जा रहे हैं जिससे सुइयों के सांझे प्रयोग की संभावना बढ़ जाती है और यदि कोई सुइयों का समूह में इस्तेमाल कर रहा है तो उनमें एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस बी और सी होने का खतरा बढ़ जाता है। इस स्थिति में युवाओं को जागरूक करने की आवश्यकता है। शिविर में परियोजना से राजेश शर्मा, घनश्याम, जगदीश, सुरेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।