घुमारवीं में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित करते मंत्री राजेश धर्माणी। स्
अंडर-19 जिला मेजर गेम्स में हैंडबॉल में मोरसिंघी, बास्केटबॉल में दधोल और टेबल टेनिस में अमरपुर ने जीते खिताब
बॉक्सिंग में नाल्टी की टीम बनी चैंपियन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में चल रहे अंडर-19 जिला मेजर गेम्स टूर्नामेंट के तीसरे दिन विभिन्न खेलों के फाइनल और निर्णायक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने खेल कौशल के साथ अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। हॉकी के फाइनल मुकाबले में बिलासपुर ने मेजबान घुमारवीं को 3-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। बिलासपुर के खिलाड़ियों ने आक्रमण और रक्षापंक्ति के बीच बेहतर तालमेल दिखाते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। कंदरौर की टीम तीसरे स्थान पर रही। हैंडबॉल में मोरसिंघी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। घुमारवीं दूसरे और जुखाला तीसरे स्थान पर रहा। बास्केटबॉल में दधोल ने खिताब अपने नाम किया। बामणा दूसरे और सीबीएसई घुमारवीं तीसरे स्थान पर रहा।
टेबल टेनिस में अमरपुर की टीम विजेता बनी, जबकि कलोल दूसरे स्थान पर रहा। शतरंज में स्वारघाट ने पहला और ग्लोरी पब्लिक स्कूल बिलासपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। ताइक्वांडो में एबीपीएस बाघा प्रथम रहा। बॉक्सिंग में नाल्टी की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कुठेड़ा दूसरे स्थान पर रहा। योग में जीएचएस बलघाड़ ने बाजी मारी और एसजीआईएस झंडूत्ता दूसरे स्थान पर रहा।
तीसरे दिन हुए निर्णायक मुकाबलों के दौरान खेल मैदानों में उत्साह का माहौल रहा। खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों और टीमों को मुख्यातिथि तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
घुमारवीं में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित करते मंत्री राजेश धर्माणी। स्