पाठ्यक्रमों की जानकारी वेबसाइट पर भी उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के एडवाइजरी सेल ने सेल्फ फाइनेंस और बीवॉक के प्रोस्पेक्ट्स जारी कर दिए गए हैं। प्रोस्पेक्ट्स महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने बताया कि अभी इन पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश तिथि की घोषणा नहीं हुई है लेकिन विद्यार्थी महाविद्यालय की वेबसाइट से पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर कॉलेज जिले का सबसे बड़ा और सबसे पुराना है। हर साल करीब तीन हजार से अधिक विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। महाविद्यालय में कई साल से सेल्फ फाइनेंस और बीवॉक पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय में बीसीए और पीजीडीसीए 2006 से चलाया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या 60 और 40 है। बीसीए में हर साल विद्यार्थियों का प्लेसमेंट शत प्रतिशत रहता है। इसके साथ ही इन विद्यार्थियों का प्लेसमेंट सॉफ्टवेयर डेवलपर, ग्राफिक डिजाइनर व साइबर सिक्योरिटी जैसे पदों पर होता है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में नया सत्र जुलाई से शुरू होता है लेकिन ऐसा पहली बार है जब इसकी जानकारी पहले ही साझा कर दी गई है, जिससे विद्यार्थियों को विषय का चुनाव करने के लिए भरपूर समय मिल सके। उन्होंने बताया कि किसी भी जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज की वेबसाइट और प्रॉस्पेक्ट्स में दिए नंबर पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।