कोठीपुरा में आयोजित हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन की बैठक में मौजूद प्रवक्ता व नए जिला
महासभा में डीए एरियर, बोर्ड पारिश्रमिक और कंप्यूटर फीस समेत प्रवक्ताओं की मांगों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन बिलासपुर की जिला महासभा रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठीपुरा में हुई। इसमें प्रवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ संगठन को मजबूत करने और शिक्षकों की जायज मांगों को सरकार व विभाग के समक्ष प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से भूपेंद्र ठाकुर को एसोसिएशन का नया जिलाध्यक्ष चुना गया। महासभा में पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने प्रवक्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मांगों को राज्य कार्यकारिणी के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक में लंबित डीए एरियर का भुगतान, कांप्लेक्स व्यवस्था, बोर्ड परीक्षाओं में मिलने वाले पारिश्रमिक और कंप्यूटर फीस समाप्त करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रधानाचार्य जगदीश कौंडल और प्रधानाचार्य धर्मपाल शर्मा ने भी सभा में भाग लिया।भूपेंद्र ठाकुर के जिलाध्यक्ष चुने जाने पर सदस्यों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन प्रवक्ताओं की मांगों को मजबूती से उठाएगा। महासभा में सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। महासभा का समापन उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम के संबोधन के साथ हुआ।