आए दिन दो पहिया वाहन सवार हो रहे हादसे का शिकार
सड़क से उड़ रही मिट्टी बिगाड़ रही लोगों का स्वास्थ्य
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भटेड़-गाहर-देहलवीं संपर्क सड़क की हालत बदतर हो चुकी है। सड़क पर गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। ऐसे में चालकों को वाहन चलाना मुश्किल हो गया है, और वे हादसे का भी शिकार हो रहे हैं।
पिछले कुछ महीनों में आधा दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन सवार हादसों के कारण घायल हो चुके हैं। लेकिन संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत के लिए कारगर कदम नहीं उठा रहा है। थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है। इस कारण राहगीरों को भी पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। गाहर, पदयान, देहलवीं, मुहाणा, पदोहड़ी आदि गांव के लोगों के लिए यही मुख्य सड़क है। रोजाना इस सड़क से दर्जनों वाहन गुजरते हैं। सड़क के बीच गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चलाना मुश्किलों भरा हो रहा है। हाल ही में इस सड़क को एनडीआर तकनीक से बनाए जाने की कवायद शुरू हुई। मशीन मौके पर पहुंची। ट्रायल भी किया गया। लोगों को उम्मीद थी की जल्द ही इस सड़क की हालत सुधर जाएगी। लेकिन ट्रायल के बाद काम शुरू नहीं हो सका है। सड़क से उड़ती मिट्टी से लोगों का स्वास्थ्य भी बिगड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि जल्द इस सड़क की मरम्मत की जाए। जब तक सड़क का नवीनीकरण कार्य शुरू नहीं होता तब तक गड्ढों को ठीक किया जाए।
कोट
भटेड़-गाहर-देहलवीं सड़क को एनडीआर तकनीक से बेहतर बनाए जाने की कवायद चल रही है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी करके काम शुरू कर दिया जाएगा। - रत्न सिंह, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, घुमारवीं