फगोग श्मशान घाट पर भल्लू बस दुर्घटना में मृतकों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोग। संवाद
हादसे के शोक में बरठीं में दोपहर तक बंद रहा पूरा बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। भल्लू पुल के पास हुए बस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में पहृुंचा दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में इतनी भयावह और हृदयविदारक त्रासदी पहले कभी नहीं देखी। गांव फगोग में एक साथ चार अर्थियां उठीं, चार चिताएं जलीं और पूरा गांव मातम में डूब गया।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह आपदा हृदय को झकझोर देने वाली है। इतने निर्दोष लोगों की मौत ने प्रदेश को गहरे शोक में डाल दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने कहा कि देवभूमि पर ऐसी आपदाएं दोबारा न आएं, यही कामना है। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे हिमाचल को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में फगोग के एक ही परिवार के चार लोग काल का ग्रास बन गए। हादसे में फगोग गांव की अंजना कुमारी, उसके दो बेटे नक्ष व आरव और उसकी जेठानी कमलेश कुमारी जीवन की जंग हार गए। अंजना कुमारी और कमलेश कुमारी के मायके गंगलोह थेह गांव में हैं। दर्दनाक दुर्घटना में मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए बुधवार को बरठीं बाजार दोपहर तक पूरी तरह बंद रहा। व्यापार मंडल बरठीं के प्रधान अनिल गौतम ने बताया कि मृतक अधिकतर ग्राम पंचायत बलोह और छत के रहने वाले थे, जिनका बरठीं से गहरा नाता था। श्रद्धांजलि स्वरूप सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।