ग्रामीणों ने पक्की सड़क के लिए उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
बरसात में उफनती खड्ड को पार कर मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सड़क सुविधा नहीं होने से झंडूता विधानसभा की ग्राम पंचायत घंडीर के दधोग, कुजैल और टप्पे गांव में बसे भाखड़ा बांध विस्थापित सहित अन्य ग्रामीण कई प्रकार की समस्याएं झेल रहे हैं। ग्रामीणों ने पक्की सड़क की मांग को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त राहुल कुमार को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने बताया कि इन गांव की आबादी 400 लोगों की है। गांव के एक तरफ सरयाली खड्ड और दूसरी ओर जंगल है। सड़क सुविधा नहीं होने से उन्हें बरसात के मौसम में उफनती खड्ड को पार करना पड़ रहा है। वीरवार को भी एक गर्भवती महिला को खड्ड से गुजरते हुए चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ा। करीब डेढ़ किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर उसे भड़ोलिया तक पहुंचाया गया, जहां से वाहन के जरिए उसे अस्पताल ले जाया गया। वहीं, सड़क सुविधा नहीं होने से लोग अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए शहरों की तरफ पलायन कर रहे हैं। इन गांव के 35 व्यक्ति सेना में सेवाएं दे रहे हैं। उनके बुजुर्ग माता-पिता को सड़क सुविधा नहीं होने से बाजार या अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि साल 2014 में इन गांव के लिए चार किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग निकाला गया था, लेकिन उसे पक्का नहीं किया गया। हर बरसात में वह मार्ग खराब हो जाता था। साल 2023 में आई आपदा में वह मार्ग पूरी तरह से खत्म हो गया। गामीणों ने पक्की सड़क बनाने के लिए अपनी मलकीयत भूमि को लोक निर्माण विभाग को गिफ्ट डीड के माध्यम से दे दिया है।
पंचायत प्रधान नीलम धीमान की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने मांग की कि इस सड़क को अपनी निधि के बजट या फिर प्रधान मंत्री सड़क योजना में डाले। उन्होंने चेताया भी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो वह चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इस मौके छोटू राम, अमीचंद, निशा, सौरव कालिया, बालक राम, लेख राम, नंद लाल, सतपाल मौजूद रहे।