हनुमान टिला आश्रम में निरीक्षण पर पहुंचे पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर। संवाद
काले बाबा की पुण्यतिथि पर होगा भागवत कथा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मलोखर (बिलासपुर)। शहर के समीप हनुमान टीला स्थित काले बाबा जी आश्रम में गोसेवा व गोरक्षा के लिए सराहनीय पहल की जा रही है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर वीरवार को आश्रम पहुंचे और वहां पर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया बाबा कल्याण दास (काले बाबा जी) महाराज ट्रस्ट, बिलासपुर द्वारा आश्रम परिसर में भगवान वेदव्यास व बाबा श्री कल्याण दास जी की भव्य मूर्तियों का निर्माण करवाया गया है। मूर्तियों का अनावरण समारोह 25 व 26 अप्रैल को होगा। वहीं, बाबा जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में 18 से 25 अप्रैल तक श्रीमद्भागवत कथा होगी, जिसमें बनारस से कथावाचक पंडित मुरलीधर शर्मा श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। ट्रस्ट के पदाधिकारी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि आश्रम परिसर में गुफा के बाहर 31 फुट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना है, जिसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रस्ट की ओर से गोसेवा के क्षेत्र में भी नई पहल की गई है। राजस्थान के गंगानगर से लाई गई प्रदेश की पहली थारपारकर नस्ल की गाय गंगा व उसकी 18 दिन की बछिया को आश्रम में लाकर गोदान की शुरुआत की गई है। रामलाल ठाकुर ने आश्रम पहुंचने पर ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की।