संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर परिवहन सहकारी सभा सीमित की हड़ताल दसवें दिन कंपनी के साथ हुए समझौते के बाद खत्म हो गई। उपायुक्त पंकज राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसीसी सीमेंट कंपनी प्रबंधन ने ऑपरेटरों की मांगों को मान लिया। इसके बाद ऑपरेटरों ने हड़ताल खत्म कर वापस काम पर जाने का निर्णय लिया।
शुक्रवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों पक्षों में सहमति हो गई है। उपायुक्त बिलासपुर, एसपी बिलासपुर, एसीसी फैक्ट्री नॉर्थ जोन प्लांट हेड अरविंद खरविंदा और सभा प्रधान जीतराम गौतम व प्रबंधक कमेटी के बीच बैठक हुई।
सभा के महासचिव राजेश ठाकुर ने बताया ऑपरेटरों की मांगों को लेकर संयुक्त बैठक में निर्णय हुआ है। शनिवार सुबह 8:00 बजे से एप के माध्यम से मांग की जाएगी। ऑपरेटर मांगों को लेकर पिछले 10 दिन से हड़ताल पर थे। इस दौरान 2,400 ट्रक ऑपरेटरों को 12 करोड़ के करीब भाड़े का नुकसान अब तक हो गया है।