बरोहा में चल रही खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबाल में स्मैश मारता खिलाड़ी। संवाद
बरोहा में अंडर-17 खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। राजकीय उच्च पाठशाला बरोहा में चल रही तीन दिवसीय अंडर-17 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम दिखाया। वॉलीबाल के सेमीफाइनल मुकाबले में बरठीं की टीम ने मेजबान राजकीय उच्च पाठशाला बरोहा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रयास किए, लेकिन बरठीं की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी अपने नाम की।
बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में एसवीएम झंडूता की टीम विजेता रही, जबकि खंसरा की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। वहीं कबड्डी के सेमीफाइनल मुकाबले में मोहड़ा ने गाहर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। राजकीय उच्च विद्यालय गाहर की टीम को उपविजेता रहना पड़ा। प्रतियोगिता में झंडूता और घुमारवीं उपमंडल की 25 उच्च पाठशालाओं के करीब 235 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो और वॉलीबाल के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। दूसरे दिन हुए मुकाबलों को देखने के लिए खिलाड़ियों के साथ स्कूल स्टाफ और अन्य लोग भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
बरोहा में चल रही खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबाल में स्मैश मारता खिलाड़ी। संवाद