झंडूता में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में दमखम दिखाते खिलाड़ी। संवाद
झंडूता में हुई जिला स्तरीय प्रतियोगिता
चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। जिला स्तरीय वॉलीबाल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को झंडूता में किया गया। यह प्रतियोगिता बिलासपुर जिला वॉलीबाल संघ की ओर से कराई गई। इसमें पुरुष वर्ग की कुल आठ टीमों के 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
सभी मुकाबले रोमांचक हुए, जिसमें बरठीं और बरमाणा की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में बरठीं ने बरमाणा को हराकर खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों और निर्णायकों को बेहद प्रभावित किया। प्रतियोगिता के संचालन और आयोजन में संघ के प्रधान अनूप महाजन, सचिव अंकित चोपड़ा और उनकी पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही। अंकित चोपड़ा ने बताया कि इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता जो 14 से 16 नवंबर तक बद्दी में होगी, में बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाड़ियों की सूची आने वाले दिनों में जारी की जाएगी। चोपड़ा ने कहा कि भविष्य में संघ की ओर से जूनियर सब यूथ चैंपियनशिप का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं को खेलों में भागीदारी का अधिक अवसर मिले और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी के सदस्य पंकज पटियाल, वीरेंद्र, करण, रमेश और सुनील सहित अन्य मौजूद रहे।