संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के भपराल गांव में पाकिस्तान के झंडे वाला हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा मिला है। पंचायत उपप्रधान पृथ्वी राज के आंगन में यह गुब्बारा शाम करीब 7 बजे दिखाई दिया। इसके बाद आस पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। गुब्बारे पर उर्दू में भी कुछ लिखा हुआ है। साथ ही अंग्रेजी में पीआईए भी लिखा है ।
उप प्रधान पृथ्वी राज ने बताया कि मंगलवार शाम को वह खाना खाकर बाहर निकले तो आंगन में हवाई जहाज के आकार का करीब डेढ़ फुट लंबा गुब्बारा मिला। इस पर पाकिस्तान का झंडा बना था। यह हवाई जहाज नुमा गुब्बारा कहां से आया इसका कोई पता नही चला है। इसकी सूचना पुलिस को दी। गौर हो कि इससे पहले भी प्रदेश में कई बार इस तरह के गुब्बारे मिल चुके हैं। अब इस तरह का जहाज नुमा गुब्बारा बिलासपुर में मिलने से चर्चाओं का माहौल है। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है। जांच की जा रही है।