भदरोग में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित करती मुख्यातिथि। संवाद
भदरोग में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन
आठ दिवसीय टूर्नामेंट में बिलासपुर, हमीरपुर की 24 टीमों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। क्रिकेट क्लब भदरोग की ओर से घुमारवीं कॉलेज के मैदान में आयोजित शहीद अंकेश मेमोरियल कप ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ।
आठ दिवसीय टूर्नामेंट में बिलासपुर और हमीरपुर की 24 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के लिए विजय पाल, गौरव सेठी, मानिक रतवान ने सहयोग दिया है। समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। क्लब के सदस्यों ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं से जीवन में अनुशासन का पालन करने का आग्रह किया। पहला सेमीफाइनल मुकाबला बाला जी वॉरियर्स और राज राजेश्वरी की टीम के बीच हुआ, जिसमें बाला जी वॉरियर्स की टीम जीत गई और वह फाइनल में पहुंच गई। वहीं, इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला डंगार डिस्ट्रॉयर और बाला जी वॉरियर्स के बीच खेला गया, जिसमें डंगार डिस्ट्रॉयर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 106 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाला जी वॉरियर्स की टीम ने नौ ओवर में ही यह मैच जीत लिया और शहीद अंकेश मेमोरियल कप का खिताब अपने नाम किया। मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 17 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता टीम को 7,100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच का खिताब बाला जी वॉरियर्स की टीम से विजय कार्तिक ने जीता। बेस्ट बैट्समैन का खिताब पुष्प, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब सुनील और बेस्ट बॉलर का खिताब डंगार डिस्ट्रॉयर टीम के विकास ठाकुर ने जीता। सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीद अंकेश भारद्वाज के पिता बीएसएफ से सेवानिवृत्त बांचा राम, कविता ठाकुर, व्यापारी विजय पाल, गौरव सेठी, मानिक रतवान, राज राजेश्वरी कॉलेज के चेयरमैन मंजीत सिंह डोगरा, सेवानिवृत्त प्रकाश चंद, सतीश, क्रिकेट क्लब भदरोग के सदस्य आदि उपस्थित रहे।