बिलासपुर। निर्माणाधीन किरतपुर-नेरचौक फोरलेन में 51 लाख के मुआवजा आवंटन पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैहनाजट्टां विधानसभा क्षेत्र झंडूता के प्रधानाचार्य ने एसडीएम झंडूता व अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग झंडूता, परियोजना निदेशक एनएचएआई मंडी से सड़क निर्माण में आए असल भूमि अधिग्रहण प्लान की मांग की है।
प्रधानाचार्य बैहनाजट्टां ने अपने कार्यालय के पत्र संख्या ईडीएनजी एसएसएस बैहना जट्टां (जीईएन) 32023 व 2022-23325-27 में यह जानकारी मांगी है। उपरोक्त परियोजना में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैहना जट्टां के भवन के सात कमरों का सड़क निर्माण में साल 2021 में अधिग्रहण हुआ। जिसके संबंध में फोरलेन विस्थापित एवं प्रभावित समिति ने उपरोक्त विद्यालय से अधिग्रहण किए भवन की केंद्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अलावा असल भूमि अधिग्रहण प्लान, अधिग्रहीत की गई भूमि के खसरा नंबर, फील्ड बुक, मय ततिमाजात आदि की सूचनाएं मांगी थी। जिस पर उपरोक्त कार्यालय ने यह कार्रवाई की है।
फोरलेन विस्थापित एवं प्रभावित समिति के महासचिव मदन लाल शर्मा ने कहा कि हैरानी का विषय है कि परियोजना में मुआवजा आवंटन होने के बाद और फोरलेन बनने के बाद भी भवन खड़े हैं। इस मामले को उच्च न्यायालय में उठाया है।