बिलासपुर। भाजपा श्री नयना देवी जी विधानसभा अप्पर मंडल ने भवन से हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व श्री नयना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा विशेष रूप में उपस्थित रहे।
रणधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डिनोटिफिकेशन एक्सप्रेस नाम की सरकार चल रही है, जब से यह सत्ता में आए हैं तब से उन्होंने प्रदेश में 620 से अधिक कार्यालय डिनोटिफाई कर दिए। इन कार्यालयों के खुलने से जनता को बहुत लाभ हो रहा था। कहा कि कार्यालयों को जनता की मांग पर खोला गया था और सभी प्रकार की स्वीकृति प्रदेश सरकार से लेने के बाद इन्हें शुरू किया गया था। अगर प्रदेश सरकार के यही हाल रहे तो जल्द ही प्रदेश सरकार को जनता ही डिनोटिफाइड कर देगी।
रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार अदला-बदली की भावना से काम कर रही है और इस प्रकार से काम किया तो हिमाचल के विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। सुक्खू की सरकार ने आते ही डीजल के ऊपर वेट को तीन फीसदी बढ़ाकर जनता के ऊपर बोझ बढ़ा दिया। यह सरकार पानी की दरों पर सेस लगाने जा रही है, इससे जनता के दुख बढ़ने वाले हैं। डिपो में खाद्य तेल तो यह सरकार पहले ही महंगा कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि तीन माह बाद भी सरकार की कोई बड़ी उपलब्धि सामने नहीं आई। 25 जनवरी पर भी लोग और कर्मचारी घोषणाओं का इंतजार करते रहे पर सरकार ने कोई घोषणा नहीं की। सरकार ने विधायक निधि रोक दी है और उसकी आखिरी किस्त भी नहीं दी है। अब तो उपायुक्त कार्यालय में जो जनता के कार्यों के लिए विकास निधि भेजी जाती थी उसको भी रोक दिया गया है। यह सरकार चाहती ही नहीं कि धरातल पर विकास कार्य हो इस सरकार को तो केवल अपने ही सुखों की पड़ी है। इस मौके पर मंडल महामंत्री प्रकाश ठाकुर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र भारती, जिला परिषद की सदस्य सत्या ठाकुर व मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।