पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते बैग को किया बरामद, आरोपी की तलाश जारी
बस अड्डा घुमारवीं में वारदात, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं बस अड्डे पर बुधवार को बस का इंतजार कर रही एक महिला का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी हुआ बैग बरामद कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला अपने भाई के साथ घुमारवीं बस अड्डे के रेन शेल्टर में बैठी थी और अपने ससुराल अवाहदेवी जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर महिला का बैग चोरी कर लिया। कुछ समय बाद जब महिला को बैग के गायब होने का आभास हुआ तो उसने तुरंत आसपास तलाश किया, लेकिन बैग नहीं मिला। महिला ने मामले की सूचना पुलिस थाना घुमारवीं को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति महिला का बैग उठाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त व्यक्ति पास में खड़ी एक बस में सवार हो गया। जिस बस में वह व्यक्ति बैठा था, वह बैजनाथ से शिमला की ओर जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत बैजनाथ डिपो से संपर्क कर बस चालक और परिचालक के मोबाइल नंबर हासिल किए। पुलिस की ओर से फोन करने पर परिचालक ने बस में बैग के होने की पुष्टि की, लेकिन तब तक बस भराड़ी घाट पहुंच चुकी थी। पुलिस के निर्देश पर चालक-परिचालक ने बैग को अपने कब्जे में ले लिया, जिसे वीरवार को पुलिस थाना घुमारवीं के हवाले कर दिया जाएगा। हालांकि बैग चोरी करके ले जाने वाला व्यक्ति बस में नहीं मिला। माना जा रहा है कि आरोपी रास्ते में कहीं उतर गया होगा। पुलिस ने बताया कि चोरी हुआ बैग बरामद कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए जांच जारी है।