दधोल स्कूल में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
विद्यार्थियों नशा निवारण और सड़क सुरक्षा से कराया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल में सड़क सुरक्षा क्लब दधोल की ओर से मंगलवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस थाना भराड़ी से एएसआई अजय कुमार और दीपिका ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और नशा निवारण से संबंधित जानकारी प्रदान की।
एएसआई अजय कुमार ने बच्चों को बताया कि सड़क पर पैदल चलते समय हमेशा दायीं ओर चलें, ताकि सामने से आने वाले वाहनों को समय रहते देखकर स्वयं को सुरक्षित किया जा सके। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए, क्योंकि बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर न सिर्फ वाहन चालक बल्कि उनके माता-पिता को भी गंभीर कानूनी परिणाम भुगतने पड़ते हैं। उन्होंने नशा माफिया की ओर से बच्चों को फंसाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे तंबाकू जैसे छोटे नशे से शुरुआत कर बच्चों को नशीले पदार्थों की ओर धकेला जाता है और बाद में उन्हें पैडलर बनाकर उनका शोषण किया जाता है। उन्होंने अपने अनुभवों से जुड़े कुछ उदाहरण साझा करते हुए समझाया कि नशे की लत कैसे बच्चों के भविष्य, परिवार की इज्जत और आर्थिक स्थिति को पूरी तरह बर्बाद कर देती है। यहां तक कि कई बार जानलेवा भी साबित होती है। विद्यार्थियों को एक वीडियो के माध्यम से भी नशे के दुष्प्रभाव समझाए गए, जिससे बच्चों ने गंभीरता से सीख प्राप्त की। प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश भारद्वाज ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी सतीश कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।