नगर परिषद बिलासपुर के वार्ड नंबर एक निहाल के बाशिंदे ढेर सारी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वाल्मीकि समुदाय के लोगों को न तो पानी और न ही बिजली का कनेक्शन मिलता हैं।
जमीन अपने नाम नहीं होने की वजह से बिजली के अस्थाई कनेक्शन दिए गए हैं। इस वजह से लोगों को बिजली का कमर्शियल बिल अदा करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली के तीन से आठ हजार रुपये तक बिल चुकाने पड़ रहे हैं। हिमाचली बोनोफाइड सर्टिफिकेट नहीं मिलने की वजह से कई पढ़े-लिखे नौ जवान युवा सरकारी नौकरी से वंचित हैं।
हिमाचल प्रदेश के नंबर वन समाचार पत्र अमर उजाला के अभियान आपकी आवाज के तहत पहले दिन हुए कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने दर्जनों समस्याएं जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखीं।
समस्या का समाधान यह ही है कि जमीन इन लोगों के नाम हो। ऐसा होने पर ही दशकों से इन समस्याओं से जूझ रहे वाल्मीकि समुदाय के लोगों की समस्याएं सुलझेंगी।
कई समस्याओं का मौके पर ही विभागीय अधिकारियों ने निपटारा कर दिया। इस मौके पर जनता ने खुलकर अपनी बात रखी। नगर परिषद से जहां सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई, वहीं वाल्मीकि समुदाय के अंधेरे में रह रहे लोगों को बिजली के कनेक्शन देने का मुद्दा भी उछला।
इलाके में सीवरेज लाइन के हाल बेहाल है। सीवरेज पाइपें जगह-जगह से टूटी हुई है। इस वजह से वार्ड में गंदगी का आलम रहता है और बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। आलम यह है कि गंदगी सड़कों पर बहती रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में पानी की किल्लत
समस्याएं
1. कूड़ेदान की नहीं पर्याप्त व्यवस्था
2. सफाई व्यवस्था का वार्ड में बुरा हाल
3. लगभग 25 परिवारों के नाम नहीं जमीन
4. बिजली और पानी के नहीं मिलते कनेक्शन
5. हिमाचली बोनोफाइड से भी महरूम समुदाय के लोग
6. सीवरेज लाइन जगह-जगह टूटी, सड़क पर आ रही गंदगी
7. पानी की भी रहती है इलाके में किल्लत
8. सड़कों की हालत भी हो गई खस्ता
नाम चढ़ेगी जमीन, दूर होगी हर समस्या
1. नगर परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष सोमा देवी ने कहा कि वाल्मिकि समुदाय से जुड़े लोगों की जमीन उनके नाम हो जाएगी। इसके बाद इनकी तमाम समस्या का समाधान हो जाएगा। स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर ने यह मसला सरकार से उठाया है। सरकार ने मंजूरी भी प्रदान कर दी है। कुछ दिन पहले विधायक की अगुवाई में शिमला में सीएम से मुलाकात भी की है। उन्होंने कहा कि वार्ड में नए कूड़ेदानों की व्यवस्था जल्द कर दी जाएगी।
तीन नए पब्लिक नल लगाएगा आईपीएच
आईपीएच सहायक अभियंता केएस ठाकुर ने कहा कि सीवरेज लाइन की मरम्मत कर दी गई है। यहां की लाइन पुराने ढर्रे पर हैं। शहर में नई लाइन भी बिछने वाली है। इसके लिए 26.63 करोड़ रुपये की योजना मंजूर हुई है। इसके तहत दो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनने हैं। बीबीएमबी से एनओसी का इंतजार है। जहां तक पानी के कनेक्शन की बात है तो जमीन अपने नाम नहीं होने की वजह से कनेक्शन नहीं दिए जा सकते। लोग अप्लाई करें पब्लिक नल लगाए जाएंगे। उन्होंने मौके पर ही तीन नए नल लगाने की मंजूरी भी प्रदान की।
अस्थाई मीटर लगाने को दी मंजूरी
मौके पर मौजूद बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता विनोद गुप्ता ने कहा कि अस्थाई मीटर होने की वजह से बिल नियमानुसार कमर्शियल लिया जाता है। जिनके कनेक्शन नहीं लगे हैं उन्हें अस्थाई तौर पर कनेक्शन दे दिए जाएंगे। लोग नगर परिषद की एनओसी के साथ विभाग के पास अप्लाई करें।