-गर्भवती महिला को रेफर करने के मामले का भी लिया संज्ञान
-जिला अस्पताल में रक्तदान करने वालों की सूची बनाने के भी दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय के बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की।
बैठक में सबसे पहले एम्स बिलासपुर में प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र से इलाज के लिए आ रहे मरीजों और तीमारदारों को रात्रि विश्राम की आ रही समस्या पर चर्चा की गई। एम्स के कार्यकारी निदेशक ने बताया कि एम्स में 350 मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए रेन बसेरा बनाने की योजना है, जिसे बिलासपुर प्रशासन की सहायता से बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकारी निदेशक ने इस योजना से विस्तार पूर्वक मंत्री को अवगत कराया गया, लेकिन अनुराग ठाकुर ने इस योजना के बजट और अन्य रिपोर्ट पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने रेन बसेरा के निर्माण के लिए एक बार फिर से रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में गत दिनों एम्स से एक गर्भवती महिला को रेफर करने के मामले का भी अनुराग ठाकुर ने संज्ञान लिया। उन्होंने एम्स के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में मानक संचालन प्रक्रिया को बेहतर बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की कोताही न हो। बैठक में क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पैथोलॉजी की नियुक्ति के बारे में चर्चा की गई, ताकि ऑपरेशन के दौरान लोगों को खून की कमी के कारण मरीजों को रेफर न करना पड़े। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को जिले में रक्तदान करने वाले लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर खून दान करने वालों से जरूरत पड़ने पर खून दान करने की अपील की जा सके। इससे इस तरह की समस्याओं का समाधान मिलेगा।
इनसेट
फोरलेन पर फुटब्रिज बनाने, डंगे लगाने और जल स्रोतों का भी संज्ञान लेने के दिए निर्देश
बैठक में फोरलेन के अधिकारियों को स्थानीय विधायकों के मांग के अनुसार चयनित स्थानों पर फुटब्रिज और आवश्यकता अनुसार फोरलेन के साथ डंगे लगाने जैसी छोटी-बड़ी समस्याओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को उपलब्ध करवाने के लिए बीपीएल लोगों की सूची को सही रूप से बनाने की मांग विधायकों और विभागों के अधिकारियों ने की। बैठक में फोरलेन और रेलवे टनल के कारण पानी के प्राकृतिक स्रोतों के सूखने की समस्या के बारे में चर्चा हुई। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को इस बारे में संज्ञान लेने के निर्देश दिए और जिन क्षेत्रों में इस प्रकार की समस्या पेश आ रही है। उन क्षेत्रों के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इनसेट
मिड-डे मील में जोड़ा गया मोटा अनाज
बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि अब मिड-डे मील योजना के अंतर्गत मोटा अनाज भी जोड़ दिया गया है, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिशा की पिछली मीटिंग में उन्होंने मिड-डे मील योजना में मोटा अनाज जोड़ने के निर्देश दिए थे, जिस पर अधिकारियों ने अमल किया है। इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि बीपीएल लोगों की सूची बनाने की प्रक्रिया बहुत पुरानी है, जिसे सही करने की जरूरत है। उन्होंने विधायकों और उपायुक्त को इस मामले में राज्य सरकार को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक पंचायतों में बीपीएल लोगों की सूची सही तरह से नहीं बनेगी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को नहीं मिलेगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नगर परिषद घुमारवीं और बिलासपुर को एक संयुक्त डंपिंग साइट का चयनित करने के निर्देश दिए।
इनसेट
किसान कराएं फसल का बीमा : अनुराग
बैठक के दौरान सभी चुने हुए प्रतिनिधियों ने जिला बिलासपुर में पहले निर्मित किए गए सभी पानी के टैंकों को और हैंडपंपों को सुचारू करने की मांग की। इस पर अनुराग ठाकुर ने विभाग के अधिकारियों को इस तरह के मामलों में समय पर काम करने के निर्देश दिए। अनुराग ठाकुर ने सभी जिला वासियों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसलों का बीमा करने की अपील की, ताकि किसी भी कारणवश फसलों के खराब होने पर उन्हें मुआवजा मिल सके। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को फसल बीमा योजना के अंतर्गत पेश आ रही समस्याओं के बारे में रिपोर्ट तैयार करने और सरकार को सौंपने के निर्देश दिए।
इनसेट
यह रहे उपस्थित
बैठक में उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर गोकुल चंद्रन कार्तिकेयन, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता विधायक राजेश धर्माणी ने की, जबकि विधायक जीतराम कटवाल और विधायक त्रिलोक जमवाल भी उपस्थित रहे।