घुमारवीं (बिलासपुर)। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए सुधारों से देश के आर्थिक महाशक्ति बनने के द्वार खुलेंगे। कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने की अपील की।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने और सवा सौ करोड़ देशवासियों का भविष्य संवारने के लिए मोदी सरकार कटिबद्ध है। भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने व देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मोदी सरकार ने वर्ष 1991 से भी ज्यादा सुधार किए हैं। जो भविष्य में सशक्त, समर्थ व समृद्ध भारत की इबारत लिखेंगे। भाजपा की सबसे बड़ी उपलब्धि सुशासन और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि बजट में नए सुधार लाने की कोशिश की है। सरकार ने लगभग 35 फीसदी का बजट बढ़ा दिया है। सड़कों के लिए 11,8000 करोड़ रुपये, रेलवे के लिए 1,10,000 करोड़ रुपये, जल जीवन मिशन के लिए 50,110 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य के लिए 22,3000 करोड़ रुपये वह भी 137 फीसदी वृद्धि के साथ, मनरेगा के लिए 73,000 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 65,000 करोड़ रुपये, ऑटो मोबाइल क्षेत्र को बल देने के लिए 20,000 बसें खरीदने का प्रावधान किया है। मेट्रो ट्रेनों को दोगुना करने की बात की गई है। कोविड के बाद केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य देखभाल, आर्थिक रिकवरी और नौकरी के सृजन पर ध्यान देने की उम्मीद की जा रही थी। बजट की घोषणाएं इन उम्मीदों के मुताबिक ही हैं। घरेलू उत्पादन और नौकरी के सृजन पर ध्यान दिया गया है।