झंडूता में कूड़े की गाड़ी को हरी झंडी दिखातीं एसडीएम झंडूता। संवाद
45 पंचायतों की पहल लाई रंग, निस्तारण के लिए 10 क्विंटल की पहली खेप बरमाणा रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन और पंचायतों के प्रयास रंग लाने लगे हैं। उपमंडल की 45 ग्राम पंचायतों से पिछले सात माह में करीब 30 क्विंटल सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित किया गया है। पंचायत स्तर पर जुटाए गए इस प्लास्टिक के उचित निस्तारण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ग्राम पंचायत सुन्हाणी में एकत्रित सिंगल यूज प्लास्टिक की पहली खेप को बरमाणा के लिए रवाना किया गया। झंडूता की उपमंडलीय अधिकारी अर्शिया शर्मा ने 10 क्विंटल प्लास्टिक से भरी खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रशासन की ओर से पंचायतों के माध्यम से घरों, दुकानों और अन्य स्थानों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया जा रहा है। सात माह में 45 पंचायतों से करीब 30 क्विंटल प्लास्टिक एकत्रित होना अभियान की प्रगति को दर्शाता है। एकत्रित प्लास्टिक को खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक स्थान पर जमा किया जा रहा है, ताकि इसका उचित निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
एकत्रित 30 क्विंटल प्लास्टिक में से 10 क्विंटल की पहली खेप बरमाणा भेजी जा चुकी है। वहीं, शेष करीब 20 क्विंटल प्लास्टिक की क्रशिंग का कार्य सुन्हाणी में चल रहा है। क्रशिंग पूरी होने के बाद इसे भी बरमाणा भेजा जाएगा, जहां इसका आगे उचित उपयोग और निस्तारण किया जाएगा। एसडीएम अर्शिया शर्मा ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती है। प्लास्टिक आसानी से नष्ट नहीं होता और खुले में पड़े रहने से मिट्टी, पानी और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक कचरे को खुले में न फेंकने और प्रशासन के अभियान में सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर झंडूता के विकास खंड अधिकारी संजीव पुरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।