अब तक तीन आरोपी दबोचे, 40.07 ग्राम चिट्टा बरामद पंजाब से जुड़े तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने स्वारघाट थाना में दर्ज चिट्टा तस्करी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुल 40.07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े नितीश (28) निवासी गांव एवं डाकघर सुरहाड़, तहसील सदर को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से चिट्टा मंगवाकर बिलासपुर सदर क्षेत्र में उसकी सप्लाई करने की तैयारी में था। इस मामले में सबसे पहले पुलिस ने यातायात जांच के दौरान सुरहाड़ निवासी सुमन कुमार को 7.32 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। बैकवर्ड लिंकेज की जांच में पंजाब कनेक्शन सामने आने पर पुलिस ने श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) निवासी सोनू कुमार को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 32.75 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे सप्लाई नेटवर्क, अन्य संपर्कों और संभावित खरीदारों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेटवर्क के साथ-साथ नशा तस्करी के मूल स्रोतों तक पहुंचकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।