पुरानी कार्यकारिणी ने नहीं लिया चुनावों में भाग
नवनियुक्त प्रधान ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। निजी बस ऑपरेटर यूनियन बिलासपुर के चुनाव वीरवार को नगर परिषद में होंगे। निजी बस ऑपरेटरों ने अनिल मिंटू को सर्वसम्मति से जिला प्रधान चुना। नवनियुक्त प्रधान अनिल मिंटू ने ऑपरेटरों को आश्वासन दिया है कि जिला के निजी बस ऑपरेटरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बस ऑपरेटर यूनियन ने चुनाव को लेकर प्रक्रिया अपनाई, जिसकी अध्यक्षता सेवानिवृत डीएसपी कुलदीप सिंह ने की। इस दौरान जिला भर के निजी बस ऑपरेटरों ने शिरकत की। प्रस्ताव रखा गया कि 2015 में निजी बस ऑपरेटरों द्वारा कार्यकारिणी का गठन किया गया था, इस चुनाव में आमंत्रित किया गया था, लेकिन कार्यकारिणी द्वारा इस चुनाव में भाग नहीं लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पुरानी कार्यकारिणी को रद्द किया गया। इस मौके पर प्रस्ताव रखा गया कि पुरानी कार्यकारिणी से कार्यवाही रजिस्टर और पुराना रिकॉर्ड नई कार्यकारिणी को सौंपा जाए। वहीं, इस दौरान नए जिला प्रधान के चयन को लेकर प्रक्रिया शुरू की गई। हरीश कुमार ने अनिल मिंटू का नाम प्रधान पद के लिए रखा, जिसमें सभी ने सर्वसम्मति से इस पर सहमति जताई। अनिल मिंटू ने कहा कि सभी ऑपरेटरों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला भर का दौरा किया जाएगा। ऑपरेटरों के साथ बैठकें की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही निजी बस ऑपरेटर यूनियन की कार्यकारिणी गठित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियमानुसार चुनाव प्रक्रिया अपनाई गई थी। आरटीओ कार्यालय बिलासपुर द्वारा जारी बस मालिकों की सूची के आधार पर चुनाव प्रक्रिया अपनाई गई। इस मौके पर तेज पाल, विजय कौशल, ब्राह्मी देवी, मीरा देवी, बलवंत, शुभम, हुसैन अख्तर, शुभम, पंकज, सन्नी, विनय पुरी, सोनू ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।