दधोल कलां गांव में कमरे में रखा घास जला। संवाद
तीन दिन में पीड़ित परिवार की पशुशाला भी जलकर हुई है राख
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जुटाए साक्ष्य, कार्रवाई जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के तहत ग्राम पंचायत दधोल के दधोल कलां गांव में एक परिवार के कमरे में रखे पशुओं के चारे को अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया। परिवार के साथ तीन दिनों के भीतर आग की दूसरी घटना होने से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दधोल कलां गांव निवासी अनंत राम ने पशुओं के लिए बड़ी मात्रा में घास एक कमरे में सुरक्षित रखी हुई थी। शनिवार सुबह करीब पांच बजे अचानक कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया। परिवार व पड़ोस के लोगों ने जब मौके पर पहुंचकर देखा तो कमरे के अंदर रखा घास जल रहा था। मौके पर मौजूद सभी एकत्र होकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक दिया। हालांकि तब तक कमरे में रखा अधिकांश घास जलकर राख हो चुका था, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह आग सामान्य नहीं थी, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से जानबूझकर लगाई गई प्रतीत होती है। इससे पहले तीन दिन पूर्व भी इसी परिवार की पशुशाला में भी भीषण आग लग गई थी, जिसमें पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई थी और भारी नुकसान हुआ था। परिवार के साथ लगातार कम समय में हुई दो घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन मौके पर माचिस की जली तीलियां पड़ी हुई थीं जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों घटनाओं की गहन जांच कराई जाए और गांव में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते दोषियों का पता नहीं लगाया गया तो भविष्य में और भी बड़ी घटना हो सकती है। पंचायत प्रधान पुरुषोत्तम ने कहा कि दधोल कलां गांव में अनंत राम की पशुशाला व घास को अज्ञात व्यक्ति की ओर से जला दिया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।