संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। जिला कला अध्यापक संघ ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 1,05,302 रुपये की राशि भेंट की। रविवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संघ के प्रधान राकेश चौधरी की अध्यक्षता में विधायक राजेश धर्माणी से मिलकर चेक के माध्यम से उन्हें यह राशि भेंट की। प्रधान राकेश चौधरी ने बताया कि इस समय प्रदेश एक बड़ी त्रासदी के दौर से गुजर रहा है। यही कारण है कि आपदा की इस घड़ी में संघ के सभी सदस्यों ने अपनी कमाई से राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया था। इसके तहत संघ के सभी साथियों ने अपनी इच्छा अनुसार मुख्यमंत्री राहत कोष में यह राशि भेंट की है। राजेश धर्माणी ने इस सहायता राशि के लिए संघ के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने अन्य सभी स्वयंसेवी संस्थाओं और कर्मचारी संगठनों से अपील की है कि वह मानवता के इस कार्य के लिए आगे आएं, ताकि बारिश से प्रभावित लोगों की सहायता की जा सके। इस मौके पर संघ के जिला महासचिव पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रवीण चंदेल, गोपाल शर्मा, अनिल, चंद्रशेखर, शशि पाल, विनोद, सोहनलाल, सुशील कुमार, अश्विनी, महिला विंग की प्रधान संतोष धीमान, सुषमा, शर्मिला, उषा और अन्य उपस्थित रहे।