श्री नयना देवी जी में दर्शन के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु। संवाद
दिनभर माता के जयकारों से गूंजता रहा मंदिर परिसर, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में रविवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। पहले धूप और उमस के बीच श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे, लेकिन दोपहर के बाद तेज बारिश, ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने पूरे मंदिर क्षेत्र को अपनी आगोश में ले लिया। ऊंची पहाड़ियां धुंध से ढक गईं, जिससे मंदिर परिसर का नजारा बेहद मनमोहक हो गया। रविवार की छुट्टी होने के कारण खराब मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं रोक सका। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता श्री नयना देवी के दरबार में माथा टेका। बारिश के बीच भी श्रद्धालु कतारबद्ध होकर दर्शन के लिए पहुंचते रहे और मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्था की थी। दर्शन व्यवस्था सुचारू रही और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। बारिश और धुंध के कारण मौसम सुहावना हो गया, जिसका श्रद्धालुओं ने भी भरपूर आनंद लिया। कई श्रद्धालु धुंध से ढकी पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। पंजाब से आए श्रद्धालु राजू ने बताया कि दोपहर बाद शुरू हुई बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम बेहद सुहावना हो गया। धुंध से घिरी पहाड़ियों के बीच माता के दर्शन का अनुभव अविस्मरणीय रहा। मौसम में बदलाव के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे दिन बना रहा। मंदिर अधिकारी चतर सिंह रनौत ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन किए।