-समारोह में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुड़े छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
झंड़ूता (बिलासपुर)। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज (बकैन) कलोल में पहली बार पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश के विभिन्न स्थानों से 30 पूर्व छात्रों ने ऑनलाइन भाग लिया। प्रधानाचार्य दिनेश शर्मा ने बताया कि इस सम्मेलन के आयोजन का उद्देश्य पुराने छात्रों को संस्थान में पढ़ रहे छात्रों के साथ जोड़ना था। कॉलेज प्रशासन की यही कोशिश रहेगी कि पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन हर साल किया जाए। उन्होंने बताया कि समारोह में टेक्निकल एंट्री बीएसएफ सिलचर से रॉबिन सिंह, हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट नेपाल से राहुल, एक्सेंचर मुंबई से ऋत्विक डोगरा, आर एंड डी अनुभाग सोनालिका ग्रुप होशियारपुर से अंकित धीमान, असिस्टेंट मैनेजर लेमन ट्री होटल मुंबई से योगेश कुमार, असिस्टेंट मैनेजर लेमन ट्री होटल दिल्ली से त्रियंबक, मारुति सुजुकी गुरुग्राम से योगराज और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बाघा से नमित ने जुड़कर अपने विचार प्रकट किए। इसके अलावा कॉलेज के तीन पूर्व छात्र जॉर्ज शर्मा, अविनाश कुमार, अमन हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड में कार्यरत हैं। उन्होंने भी सम्मेलन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में संस्थान में पढ़ रहे छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनका मार्गदर्शन किया। प्रधानाचार्य ने सम्मेलन में जुड़ने के लिए सभी पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा उपस्थित पूर्व छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।