बिलासपुर। जिले में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन योजना में मुफ्त राशन का आवंटन शुरू हो गया है। योजना में मई और जून माह के लिए 764 मीट्रिक टन चावल और 1088 मीट्रिक टन गेहूं का आवंटन किया जाएगा। इसमें से मई माह के लिए आवंटित मात्रा के चावल और गेहूं का स्टॉक भारतीय खाद्य निगम के भंडारों से शतप्रतिशत उठा लिया गया है।
जून के लिए चावल शतप्रतिशत और गेहूं 83.05 प्रतिशत स्टॉक उठाया गया है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाले लाभार्थियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन योजना के गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के प्रत्येक सदस्य को तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल प्रति व्यक्ति मई और जून माह के लिए निशुल्क वितरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 240 उचित मूल्य की दुकानों में से 239 दुकानों में मई माह के लिए खेप पहुंच चुकी है। जबकि जून माह के लिए चावल 10 प्रतिशत और गेहूं 11.90 प्रतिशत मात्रा उचित मूल्य की दुकानों में पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मई माह के लिए चावल 75.23 प्रतिशत और गेहूं 77.53 प्रतिशत उपभोक्ताओं को वितरित किया जा चुका है। जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कुल 45320 राशन कार्ड धारक हैं। इन राशन कार्ड धारकों के परिवार सदस्यों 179016 को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन योजना के तहत मई और जून माह के लिए निशुल्क राशन वितरित किया जा रहा है।