एम्स कोठीपुरा के ए-ब्लॉक में मरीजों के तीमारदारों के पैसे और सामान पर हाथ साफ करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बैग बरामद हुआ है। तलाशी लेने पर बैग से 43,340 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सदर में चोरी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तड़के तीन बजे मिली चोरी की सूचना
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को सुबह करीब तीन बजे एम्स ए-ब्लॉक, कोठीपुरा में मरीजों के तीमारदारों के पैसे और सामान चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और दो युवकों को चोरी किए गए बैग सहित काबू कर लिया।
आरोपियों की पहचान शिवम पुत्र संजय कुमार निवासी लगमनवी, तहसील भोरंज, हमीरपुर और साहिल खान पुत्र आविद मोहम्मद निवासी जाहु, तहसील भोरंज, हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें 43,340 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।