छात्र संघ चुनाव बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई ने मांगों को लेकर 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल की। एबीवीपी ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई।
इकाई सदस्य आयुष भारद्वाज ने बताया कि भूख हड़ताल मंगलवार सुबह दोपहर 12 बजे से शुरू हुई जोकि 10 सितंबर दोपहर 12 बजे तक चली। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदेश विश्वविद्यालय में अभी तक स्थायी कुलपति की नियुक्ति प्रदेश सरकार नहीं करवा पा रही है, परीक्षा परिणाम में अनेकों अनियमितताएं निरंतर सामने आ रही हैं। छात्र संघ चुनाव लंबे समय से बंद हैं, इस ओर कोई ध्यान नहीं है। प्रदेश के अंदर आज भी ऐसे शिक्षण संस्थान हैं जो आज मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। टूरिज्म विलेज के नाम पर वर्तमान प्रदेश सरकार की ओर से कृषि विश्वविद्यालय की 112 हेक्टेयर भूमि को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है जो विश्वविद्यालय के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विद्यार्थी परिषद की इन प्रदेश स्तरीय मांगों को जल्द पूरा नहीं करती है तो विद्यार्थी परिषद बड़े आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।