श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। सड़क की मांग को लेकर उपमंडल श्री नयनादेवी जी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलोआ के गांव खाल टिब्बा के ग्रामीणों और एक पहल संस्था ने चक्का जाम का फैसला रद्द कर दिया। शनिवार को एक संस्था और ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त बिलासपुर से मिला। उपायुक्त से आश्वासन मिलने के बाद चक्का जाम करने के निर्णय वापस ले लिया।
गांव खाल-टिब्बा के ग्रामीणों और एक संस्था ने गांव के लिए सड़क न बनाए जाने पर रविवार को भाखड़ा-श्री नयनादेवी जी सड़क पर दो घंटे चक्का जाम करने की घोषणा की थी। उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद शनिवार को विराम लग गया। उपायुक्त के बुलावे के बाद शनिवार को एक पहल संस्था के प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण रहमत अली, चौधरी रतन सिंह, ठाकुर रोशन लाल और राम लोक ने बिलासपुर में उपायुक्त पंकज राय के साथ मुलाकात की। रहमत अली और चौधरी रतन सिंह ने बताया कि गांव खाल टिब्बा सड़क निर्माण की फाइल जो पिछले कई दिनों से वन विभाग में लटकी हुई थी, उसे उपायुक्त के आदेश से शिमला भेज दिया है। उपायुक्त ने सड़क की मरम्मत के लिए राशि देने का भी आश्वासन दिया है। चौधरी रतन सिंह ने कहा कि उपायुक्त 10 सितंबर के बाद खाल-टिब्बा गांव में खुद आकर मौका देखेंगे। इस मौके पर एसडीएम श्री नयनादेवी जी राज कुमार ठाकुर भी उपस्थित रहे।