बिलासपुर। अल्ट्राटेक कंपनी बागा से मंडी के पंडोह के लिए सीमेंट लेकर गई गाड़ी को डीलर ने सात दिन बाद भी खाली नहीं किया। इसके विरोध में शुक्रवार को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के मुख्य गेट शालुघाट में खारसी परिवहन सभा ने गाड़ियां रोककर अपना विरोध दर्ज करवाया।
खारसी परिवहन सभा के मीडिया प्रभारी कुलदीप ठाकुर ने कहा कि सभा की ओर से गाड़ी समय पर खाली न होने के बारे में कंपनी के उच्च अधिकारियों तक से बात की गई लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई। खारसी परिवहन सभा ने लोड गाड़ी को ही वापस मंगवा लिया और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के मुख्य गेट पर खड़ा कर दिया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ट्रक ऑपरेटर और ड्राइवर इकट्ठा हो गए जिससे वहां पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कंपनी की ओर से ट्रक ऑपरेटरों का जो शोषण हो रहा है उसके विरुद्ध सभी ने एक साथ आवाज उठाई। लगभग एक घंटे के बाद कंपनी प्रबंधन ने सभा के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया।
बैठक में खारसी सभा के प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर, महासचिव दौलत सिंह ठाकुर, चेयरमैन परमानंद, उपप्रधान धर्मपाल, कोषाध्यक्ष चमन लाल, गिरधारी, पुरुषोत्तम, जीतराम और कंपनी की तरफ से लॉजिस्टिक हेड पंकज मल्होत्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि गाड़ियों की लोडिंग और अनलोडिंग का समय निश्चित करने के बारे में दो दिन लोडिंग करने में और हफ्ता अनलोडिंग करने में लग रहा है। पार्किंग न होने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके कारण आमजन और ट्रक चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबलपुल से शालुघाट तक सड़क की हालत खस्ता है।
महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी भी सूरत में ट्रक ऑपरेटरों और ड्राइवरों का शोषण सहन नहीं किया जाएगा। इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और कंपनी प्रबंधक के आश्वासन के लगभग चार घंटे बाद जाम को खोला गया। कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा घटी तो उसके लिए कंपनी प्रबंधक स्वयं जिम्मेदार होगा।