बिलासपुर। जिला परिषद कैडर के अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल का असर पंचायतों में होने वाली ग्राम सभाओं पर भी पड़ा है। बिलासपुर में रविवार और सोमवार को 42 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन नहीं हो पाया। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम सभाओं में भाग ही नहीं लिया। लोग भी ग्राम सभाओं में नहीं पहुंचे। इस कारण कोरम के अभाव में एक भी पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन नहीं हो पाया।
बता दें कि कलम छोड़ो हड़ताल कर धरने पर बैठे पंचायत सचिव और सहायकों को पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों और पंचायत सदस्यों का समर्थन मिलने के बाद यह आंदोलन और मजबूत हो गया है। ग्रामीणों को जिप कैडर कर्मियों की हड़ताल को पंचायत प्रतिनिधियों का समर्थन मिलने की जानकारी थी। यह भी तय था कि पंचायत सचिवों के बिना ग्राम सभा की कार्यवाही पूरी नहीं होगी।
इन हालातों को देखते हुए ग्रामीण पंचायतों में प्रस्तावित ग्राम सभाओं में नहीं पहुंचे। गिनती के लोग पहुंचे भी तो वापस लौट गए। जिला पंचायत अधिकारी शशि बाला ने बताया कि रविवार को जिले की 25 पंचायतों में ग्रामसभा रखी गई थी। सोमवार को भी सदर और घुमारवीं विकास खंड की 17 पंचायतों में इसका आयोजन होना था। कोरम के अभाव में एक भी पंचायत में ग्राम सभा नहीं हो पाई। कहा कि पंचायत प्रधान की अनुपस्थिति में उप प्रधान और उप प्रधान की अनुपस्थिति में वार्ड सदस्य इन सभाओं की अध्यक्षता कर सकता है। लेकिन लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। इसी कारण कोई भी ग्राम सभा नहीं हो पाई।