घुमारवीं पुलिस थाना का नया भवन। संवाद
सीएम ने किया उद्घाटन, पुलिसकर्मियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
नए भवन के निर्माण से पुलिसकर्मियों को मिलेगा बेहतर वातावरण: सीएम
संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। लंबे इंतजार के बाद घुमारवीं पुलिस थाना को अपना नया और अत्याधुनिक भवन मिल गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान पुलिस थाना घुमारवीं के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित स्टाफ क्वार्टर का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था किसी भी समाज की कानून-व्यवस्था की रीढ़ होती है और आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस भवन पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे आम जनता को त्वरित और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस भवन के माध्यम से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस थाना घुमारवीं का यह नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। भवन के ग्राउंड फ्लोर में वाहनों की सुचारू पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जिससे थाना परिसर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी।
पहली मंजिल में थाना प्रभारी तथा हेड कांस्टेबल के कार्यालय स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग लॉक-अप की व्यवस्था भी की गई है, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं। दूसरी मंजिल में मालखाना, कोर्ट कैंटीन, किचन और एक बहुउद्देशीय (मल्टीपर्पज) हॉल का निर्माण किया गया है, जिसका उपयोग बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। तीसरी मंजिल में जांच अधिकारियों के लिए विशेष कक्षों की व्यवस्था की गई है, साथ ही एक अलग ट्रैफिक कार्यालय भी स्थापित किया गया है, जिससे यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। भवन की प्रत्येक मंजिल पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे नए भवन में और अधिक निष्ठा व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और खेल एवं आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद