ऑनलाइन, ऑफलाइन माध्यम से प्रक्रिया में भाग लेंगे अभ्यर्थी
12वीं की मेरिट के आधार पर मिलेगा प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के छह राजकीय कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। प्रवेश के पहले दिन अभ्यर्थियों में कोई उत्साह नहीं देखा गया।
पहले दिन बहुत कम संख्या में विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। जिले के कॉलेजों में अभ्यर्थी 19 जून तक ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी कोर्स के लिए एडमिशन 12वीं कक्षा की मेरिट के आधार पर की जाएगी। पहली सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग की प्रक्रिया 20 जून को संबंधित कॉलेज परिसर में होगी। सभी अभ्यर्थियों को अपने पूरे एडमिशन फॉर्म की हार्ड कॉपी, अपने सभी मूल दस्तावेज और उनकी एक-एक फोटो के साथ कॉलेज में स्वयं उपस्थित होना होगा। जो भी छात्र पहली काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए योग्य होंगे उन्हें अपनी फीस जमा करने के लिए 21 जून से 23 जून तक का समय दिया जाएगा। फीस ऑनलाइन ही भरी जाएगी।
दूसरी सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग की प्रक्रिया 24 जून को होगी। इसमें चयनित अभ्यर्थियों को फीस 25 जून से 27 जून तक ऑनलाइन जमा करानी होगी। जो भी अभ्यर्थी अपनी फीस समय पर जमा नहीं करेंगे, उनका एडमिशन निरस्त माना जाएगा। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित कॉलेजों की वेबसाइट पर प्रवेश संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं।