उपायुक्त बोले-संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी में ड्रोन होंगे सहायक
नाइट व डे विजन कैमरा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सुविधा भी ड्रोन में उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, यातायात सुविधा की निगरानी एवं देखरेख के लिए उचित गुणवत्ता युक्त पांच ड्रोन की खरीद की गई है। उच्च तकनीक के नाइट व डे विजन कैमरा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सुविधा भी ड्रोन में उपलब्ध है। यह एकमुस्त 50 मिनट तक उड़ने की क्षमता रखता है। जिले में अन्य विभागों से संबंधित गतिविधियों पर भी नजर रखने के लिए इसका प्रयोग किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि सोमवार को इस ड्रोन की सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण एवं निरीक्षण किया गया। इनके माध्यम से आपदा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी व अन्य गतिविधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में यातायात को सुचारू व सामान्य बनाने के लिए वेहतर सुविधा मिलेगी। बताया कि मतदान के दिन विशेष रूप से इस ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी तथा अन्य मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं के प्रबंध व यातायात के सुचारू संचालन के लिए भी इनका इस्तेमाल किया जाएगा। यह ड्रोन डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के अंतर्गत खरीदे गए हैं। ड्रोन की प्रथम निरीक्षण जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक बिलासपुर विवेक चहल, निदेशक मत्स्य विभाग विवेक चंदेल, टैक ईगल कंपनी के प्रतिनिधि गौरव आसुदानी और उनकी तकनीकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।