आठ माह से बंद डेढ़ करोड़ की मल्टी स्टोरी पार्किंग जल्द शुरू करने को कहा
यातायात अव्यवस्था पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने दिए नगर परिषद को निर्देश
शहर में सुचारु पार्किंग व्यवस्था से लोगों को मिलेगी ट्रैफिक जाम से राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और रोजाना लग रहे जाम ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग, दोनों ओर खड़े वाहन और ठोस ट्रैफिक प्लान के अभाव में घुमारवीं धीरे-धीरे जाम का शहर बनता जा रहा है। गंभीर होती इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है।
एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने यातायात अव्यवस्था पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर परिषद को निर्देश जारी किए हैं कि शहर में निर्मित पार्किंग व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुचारू रूप से शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर खड़े वाहनों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, शहर की सुंदरता बढ़ेगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने नगर परिषद को चेतावनी दी कि पार्किंग शुरू करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घुमारवीं में नगर परिषद द्वारा करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण कार्य लगभग आठ माह पहले पूरा हो चुका है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश्वर धर्माणी द्वारा इसका उद्घाटन भी किया जा चुका है, बावजूद इसके आज तक यह पार्किंग आम जनता के लिए नहीं खोली गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस मल्टी स्टोरी पार्किंग का उपयोग जनता के बजाय नगर परिषद के सफाई ठेकेदार द्वारा अपने कर्मचारियों को ठहराने के लिए किया जा रहा है। पार्किंग परिसर के भीतर तंबू गाड़कर कर्मचारियों ने इसे अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी डेरा बना लिया है। नगर परिषद न तो इस अवैध उपयोग पर कोई कार्रवाई कर रही है और न ही पार्किंग शुरू करने की दिशा में कोई ठोस कदम उठा रही है।
इनसेट
सड़कों पर खड़े वाहन बन रहे जाम की वजह
पार्किंग सुविधा उपलब्ध न होने के कारण शहर की सड़कों पर दोनों ओर वाहन खड़े रहते हैं, जिससे यातायात दबाव कई गुना बढ़ जाता है और रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। जनता के लिए बनाई गई सुविधा का लाभ आज भी आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
इनसेट
प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जगी नगर परिषद की इसी लापरवाही को देखते हुए एसडीएम घुमारवीं को हस्तक्षेप करना पड़ा और नगर परिषद के लिए कड़े आदेश जारी करने पड़े। अब बड़ा सवाल यह है कि नगर परिषद इन आदेशों पर कितनी जल्दी अमल करती है और कब तक घुमारवीं की जनता को मल्टी स्टोरी पार्किंग की वास्तविक सुविधा मिलती है। फिलहाल जनता की नजरें नगर परिषद की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
कोट
नगर परिषद को निर्देश दिए गए हैं कि शहर में बनाई गई पार्किंग व्यवस्था को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि सड़कों पर खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित न हो। सुव्यवस्थित पार्किंग से ट्रैफिक समस्या कम होगी और शहर की व्यवस्था में सुधार आएगा।
गौरव चौधरी, उप मंडलीय अधिकारी, घुमारवीं