श्री नयना देवी जी मंदिर में जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल को सम्मानित करते मंदिर न्यास के अध्यक्
- श्री नयना देवी क्षेत्र में व्यवस्थाओं का एसपी ने किया निरीक्षण
- मुख्यमंत्री का दौरा सुगम, सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन कर रहा काम : एसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 8 फरवरी को प्रस्तावित श्री नयना देवी दौरे की तैयारियों को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मंदिर न्यास अध्यक्ष धर्मपाल, डीएसपी विक्रांत और मंदिर अधिकारी विपिन ठाकुर के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन ने मंदिर परिसर में चल रहे कार्यों को सुचारु रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान श्री नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अलावा कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
खास बात यह है कि मुख्यमंत्री घवांडल में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर जनता से सीधा संवाद करेंगे। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।