-हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के आदेश पर केंद्र झंडूता में की नई नियुक्तियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के निर्देशों के तहत मार्च में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के दौरान लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की गई है।
बोर्ड द्वारा जारी आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्र झंडूता में तैनात परीक्षा स्टाफ में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है। परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आने पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बदलने के आदेश जारी किए। जारी आदेशों के अनुसार झंडूता स्कूल के प्रधानाचार्य पवन सांख्यान को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रवक्ता जीव विज्ञान रीमा देवी को सुपरिटेंडेंट और टीजीटी संतोष कुमारी को डिप्टी सुपरिटेंडेंट नियुक्त किया गया। इसके अलावा पूर्व में तैनात शिक्षकों को उनके पदों से हटाकर अन्य स्थानों पर भेज दिया गया है। बोर्ड के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। साथ ही संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि नई टीम को तुरंत कार्यभार सौंपा जाए और इसकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाए। बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों को सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप निदेशक उच्च शिक्षा विभाग रेणू कौशल ने बताया कि बोर्ड की ओर से झंडूता स्कूल के परीक्षा स्टाफ में तत्काल प्रभाव से करने का बदलाव करने के निर्देश दिए गए थे, जिसे तुरंत प्रभाव से लागू किया गया।