फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: चेक बाउंस मामले में आरोपी की सजा रद्द, दोबारा होगी सुनवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
सेशन कोर्ट ने माना, बचाव पक्ष को गवाह पेश करने का पूरा अवसर नहीं मिला
विज्ञापन

निचली अदालत में 11 दिसंबर को दोबारा होगी सुनवाई

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चेक बाउंस मामले में एक अहम फैसला सुनाते हुए सेशन कोर्ट ने आरोपी को सुनाई गई एक साल की कैद और 1.80 लाख रुपये मुआवजे की सजा रद्द कर दी है। अदालत ने माना कि आरोपी को अपने बचाव में गवाह पेश करने का पूरा अवसर नहीं दिया गया। इसे निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन मानते हुए मामले को दोबारा सुनवाई के लिए निचली अदालत में भेज दिया गया है। यह फैसला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. मोहित बंसल की अदालत ने सुनाया।
मामला वर्ष 2018 का है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी के उसके पति के साथ पुराने मित्रतापूर्ण संबंध थे। दोनों परिवारों के बीच धर्म भाई-बहन का रिश्ता भी था। जुलाई 2018 में आरोपी ने निजी जरूरत बताते हुए तीन महीने में लौटाने की शर्त पर 95 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बदले आरोपी ने 10 अक्तूबर 2018 को 95 हजार रुपये का चेक दिया। शिकायतकर्ता ने जब चेक बैंक में लगाया तो 20 अक्तूबर को खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया।
विज्ञापन

इसके बाद दो नवंबर 2018 को आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन राशि का भुगतान नहीं हुआ। इस पर शिकायतकर्ता ने एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत अदालत में मामला दर्ज करवाया। निचली अदालत ने 28 मई 2024 को आरोपी को दोषी करार दिया और पांच जून 2024 को एक साल के साधारण कारावास तथा 1.80 लाख रुपये मुआवजे की सजा सुनाई। आरोपी ने इस फैसले को सेशन कोर्ट में चुनौती दी।
अपील में बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से कोई रकम उधार नहीं ली थी और न ही किसी देनदारी के भुगतान के लिए चेक जारी किया था। बचाव पक्ष ने आरोपी को स्वयं गवाह के रूप में पेश करने के साथ चार अन्य गवाहों की सूची भी अदालत में दी थी। इनमें से केवल दो गवाह ही अदालत में पेश हुए। इसके बावजूद 29 अप्रैल 2024 को शेष गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित किए बिना बचाव पक्ष की गवाही बंद कर दी गई। आरोपी का बयान भी दर्ज नहीं किया गया।
सेशन कोर्ट ने पाया कि शेष गवाहों को जारी समन की तामील रिपोर्ट भी अदालत में वापस नहीं आई थी। ऐसे में गवाहों के पेश नहीं होने के लिए आरोपी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। अदालत ने कहा कि प्रत्येक पक्ष को अपना पक्ष रखने और बचाव में साक्ष्य पेश करने का उचित अवसर मिलना जरूरी है। बचाव पक्ष को ऐसा अवसर नहीं देना निष्पक्ष सुनवाई के सिद्धांतों के विपरीत है।
विज्ञापन

इन्हीं आधारों पर अदालत ने निचली अदालत का दोषसिद्धि और सजा का फैसला निरस्त कर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि बचाव पक्ष के शेष गवाहों को पेश होने का अवसर दिया जाए और आरोपी चाहे तो स्वयं भी गवाही दे सके। दोनों पक्षों को 11 दिसंबर 2026 को निचली अदालत में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें