बिलासपुर। सिटी चौकी पुलिस ने डियारा सेक्टर में एक कमरे में दबिश देकर 110 ग्राम चरस, 110 ग्राम अफीम और 21,000 रुपये नकदी बरामद की है। कमरे में किराये पर रहने वाली एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि डियारा सेक्टर में एक कमरे में रहने वाले महिला और पुरुष मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करते हैं। शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने कमरे में दबिश दी। वहां महिला और पुरुष मौजूद मिले। कमरे की तलाशी ली तो 110 ग्राम चरस, 110 अफीम और 21,000 रुपये की नगदी बरामद हुई। आरोपी पुरुष की पहचान मनोज कुमार निवासी गांव मंगरोट डाकघर देवली जिला बिलासपुर के रूप में हुई है, जबकि 38 वर्षीय महिला आरोपी बड़सर जिला हमीरपुर की रहने वाली है। पुलिस का मानना है कि बरामद नकदी ड्रग मनी हो सकती है। आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।