अदालत ने आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे
शाहतलाई (बिलासपुर)। पुलिस थाना तलाई की टीम ने नाकेबंदी के दौरान 15.614 किलोग्राम चूरापोस्त के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया है और छानबीन जारी है। अदालत ने आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिए हैं।
पुलिस टीम ने मंगलवार रात को छियातर में नाकेबंदी कर रखी थी। इस दौरान वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी कल्लर से मलारी की ओर आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार में दो लोग सवार थे। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और कार की तलाशी ली। तलाशी में कार की डिक्की से 15.614 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान जाकिर हुसैन निवासी कोटलू ब्राह्मणा तहसील घुमारवीं और शब्बीर खान निवासी धुसाड़ा तहसील अंब जिला ऊना के रूप में हुई है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।