बिलासपुर। जिला पुलिस के पीओ सेल ने 17 साल से गायब चल रहे सड़क हादसे के एक आरोपी को दिल्ली से दबोचा है। आरोपी को बिलासपुर अदालत ने उद्घोषित अपराधी करार दिया है। इसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही थी।
जानकारी अनुसार रणधीर सिंह निवासी गांव तोहिला डाकघर अटारी तहसील नवदाई जिला भरतपुर राजस्थान के खिलाफ साल 2005 में थाना बरमाणा में लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क हादसे को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। जमानत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र बिलासपुर अदालत में पेश किया गया था। अदालत की ओर से पेशियों पर आने के लिए आरोपी को समन और वारंट जारी किए जाते रहे, लेकिन घर व गांव में नहीं मिल पाया। साल 2016 में अदालत ने आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। पीओ सेल को रणधीर के इन दिनों दिल्ली के राजपुरा में होने की सूचना मिली। सोमवार शाम को उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।