भगेड़ (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत भगेड़ में 21 अप्रैल को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी सुभाष चंद पुत्र भाग सिंह सरकाघाट जिला मंडी का रहने वाला है। मोबाइल के एक शोरूम से लगभग एक लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था।
घुमारवीं पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी आधार पर घुमारवीं पुलिस ने आरोपी सुभाष चंद पुत्र भाग सिंह निवासी सरकाघाट जिला मंडी के घर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी से 18 मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी सुभाष चंद सिलाई मशीनों को रिपेयर का काम करता है। आरोपी एक ट्रक में भगेड़ तक आया था। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, पूछताछ जारी है।