भराड़ी (बिलासपुर)। बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में तीन साल से भगोड़े बाप को बिलासपुर पुलिस ने राजस्थान के एक मंदिर से गिरफ्तार कर लिया है। वह राजस्थान में साधु के भेष में एक मंदिर में रह रहा था। उसे पुलिस थाना भराड़ी को सौंप दिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मिली जानकारी अनुसार घुमारवीं तहसील के अंतर्गत चमन लाल पुत्र पेनू राम लवाना का रहने वाला है। बिलासपुर पीओ सेल ने राजस्थान के पाली जिले के बड़ागुडा के पास खाखरा गांव के कुंडलेश्वर महादेव मंदिर से उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 3 साल से साधु के भेष में रह रहा था। आरोपी पर साल 2016 में बेटी ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। थराड़ी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया था। आरोपी को न्यायालय से समन और वारंट जारी किए गए। लेकिन आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। अदालत ने उसे 2019 में भगोड़ा अपराधी घोषित कर उसकी तलाश का जिम्मा पीओ सेल बिलासपुर को सौंप दिया था। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने की है।