भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर दकड़ी चौक के समीप सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रियंकल कपिल पुत्र हरिपाल बताई जा रही है। मृतक घुमारवीं शहर में शीशे की दुकान चलाता था और अपनी स्कूटी पर सवार होकर दुकान की तरफ जा रहा था।
बताया जा रहा है एक दूध का टैंकर घुमारवीं से बिलासपुर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे तभी अचानक यह हादसा पेश आया। स्कूटी चालक सड़क पर गिर गया। जिसके चलते उसके सिर पर गंभीर चोट आई। स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रियंकल कपिल गांव बड्डू में किराए के मकान पर रहता था। मृतक प्रियंकल जिला ऊना का रहने वाला था व बीते कई वर्षों से घुमारवीं शहर में दुकान चलाता था। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की छानबीन शुरू कर दी है।