बिलासपुर। थाना सदर के अंतर्गत मंगरोट के पास सुबह करीब 11 बजे एक कार ने 11 वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की टांग में चोट आई है। हादसे के बाद गाड़ी चालक ने बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती किया है। वहीं, पुलिस टीम अस्पताल में जाकर मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार मंडी से शिमला जा रही गाड़ी ने मंगरोट में सड़क किनारे चल रही 11 वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी। बच्ची किसी समारोह से खाना खाकर लौट रही थी। वहीं गाड़ी चालक भी अपने ससुर को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला लेकर जा रहा था। तभी अचानक गाड़ी की साइड बच्ची के साथ टकरा गई। हादसे में बच्ची की टांगों में चोट आई है। वहीं, उसे पैर में गंभीर चोट आई है। जिसका उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। बच्ची की पहचान कविता कुमारी पुत्री नरेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अस्पताल में कार चालक और अन्य से मामले की पूछताछ कर रही है। पुलिस ने अभी तक इस संबंध में मामला दर्ज नहीं किया है।